परिचय
‘कंचनजंघा’ सिक्किम से प्रकाशित होने वाला विशेषज्ञों द्वारा समीक्षित हिंदी का छमाही ई-जर्नल है। पूर्वोत्तर भारत की भाषा, साहित्य एवं संस्कृति को वैश्विक पटल पर साझा करना इस उपक्रम का मुख्य उद्देश्य है। हम जानते हैं कि धर्म, दर्शन, भाषा, साहित्य, संस्कृति, कला एवं पर्यटन आदि की दृष्टि से पूर्वोत्तर भारत की विशिष्ट पहचान है। हमारा प्रयास होगा कि इसके प्रत्येक अंक में विषय एवं विधागत वैविध्य के साथ अधिकतम सामग्री पूर्वोत्तर भारत पर केंद्रित हो। दूसरी भाषाओं की अनूदित रचनाएं (हिंदी) भी इस जर्नल में प्रमुखता से प्रकाशित की जाएंगी। वैश्विक स्तर पर हिंदी भाषा एवं साहित्य की स्थिति को यह जर्नल समग्र रूप से रेखांकित करने का प्रयत्न करेगा। रचनात्मक उत्कृष्टता एवं विषय विशेषज्ञों की अनुमति के उपरांत ही लेखकों की रचनाओं को प्रकाशन हेतु स्वीकृत किया जाएगा। पूर्वोत्तर भारत के युवा रचनाकारों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने हेतु ‘कंचनजंघा’ विशेष रूप से प्रतिबद्ध है। अध्ययन-अध्यापन के माध्यमों में हो रहे अद्यतन बदलाव एवं डिजिटल दुनिया जैसी संकल्पना को दृष्टिगत रखते हुए ‘कंचनजंघा’ को ई-संस्करण का रूप दिया गया है। इसके माध्यम से आप पूर्वोत्तर भारत की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से रूबरू हो सकेंगे। उम्मीद है, पूर्वोत्तर भारत में हिंदी पत्र-पत्रिकाओं के खालीपन को भरने में यह उपक्रम एक कड़ी के रूप में सहायक सिद्ध होगा।
सादर !